खैराबाद थाना क्षेत्र में पत्नी की धमकी से भयभीत एक पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पत्नी उसे दहेज उत्पीड़न में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रही थी।
उधर, पुलिस इस पूरे मामले में अनभिज्ञता जता रही है। खैराबाद के ग्राम भगौतीपुर निवासी राकेश (20) का परिवार घर के बाहर था। तभी राकेश ने कमरे में लगे हुक में धोती के फंदे से फांसी लगा ली।
इसी बीच उसकी मां लौंगश्री कमरे में पहुंच गई। पुत्र को फंदे पर लटके देख मां ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी पहुंच गए। आननफानन उसे नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी।
राकेश की मां लौंगश्री व भाई मनोज ने बताया कि राकेश की पत्नी सावित्री देवी दस दिन पूर्व घर से जेवर आदि सामान लेकर चली गई थी।
जब इसकी शिकायत राकेश ने ससुराल पक्ष से की, तो उसकी पत्नी ने पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के केस में जेल भेजने की धमकी दी। सावित्री की धमकी से राकेश भयभीत हो गया और उसे जेल जाने का भय सताने लगा।
इसीलिए उसने पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया है। राकेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, खैराबाद थानाध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यदि तहरीर मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।