लहरपुर के ग्राम अहिरन पुरवा निवासी कन्हैया लाल, महेश, धर्मेश्वर ने घर के आगे छप्पर डाल रखे हैं। इन्हीं छप्परों में दो भैंस बंधी थीं। शनिवार की शाम किन्हीं कारणों से छप्पर में आग लग गई। इससे पहले कि किसी को खबर लगती, आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते तीनों छप्पर आग के गोले में बदल गए।
ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कन्हैया लाल, महेश, धर्मेश्वर के घर व उनमें रखे 40 हजार रुपये, कपड़े, बर्तन, जेवर आदि जलकर राख हो गए। वहीं छप्पर के नीचे बंधी दोनों भैंस जिंदा ही जल गईं।
दूसरी तरफ तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ज्योसना निवासी विनोद के घर आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पड़ोस के छेदी लाल के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। यहां ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इन पांचों घरों में करीब 4 लाख रुपये कीमत का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने इन घटनाओं की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी है।