जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार शाम भारी विरोध के बीच शहर में अवैध कब्जा कर बनाए गए स्पर्श होटल की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। होटल में बिसवां से सपा विधायक रामपाल यादव के बेटे व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव साझीदार हैं।
गुरुवार शाम जिला प्रशासन की टीम पुलिस व पीएसी के साथ शहर में हाईवे पर बने स्पर्श होटल पहुंच गई। इस दौरान वहां एक शादी समारोह चल रहा था। हालांकि इस दौरान जानकारी पाकर कई सपा नेता मौके पर जुट गए थे। बुलडोजर देखकर शादी की तैयारियों में लगे कन्या पक्ष दंग रह गया। पता चला कि टीम अवैध रूप से बने होटल को ढहाने आई है। इस दौरान वहां कई सपा नेता भी जुट गए। जमकर हंगामा हुआ।
नारेबाजी भी हुई पर पुलिस की सख्ती के आगे किसी की एक न चली। बुलडोजर की मदद से टीम ने होटल की करीब 6 फुट ऊंची चारदीवारी ढहा दी। कार्रवाई के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव भी होटल परिसर में थे। कार्रवाई की भनक लगते ही वह अपनी लालबत्ती कार मौके पर छोड़कर दूसरी कार से वहां से निकल गए। उधर, कार्रवाई के कारण होटल में की गई सजावट व टेंट भी धराशायी हो गया। बाद में लड़की पक्ष के अनुरोध पर टीम ने होटल नहीं ढहाया।
हालांकि टीम ने स्पर्श होटल परिसर में बिना लाइसेंस चल रहे बार को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान सपा विधायक के करीबियों से पुलिस व टीम के बीच नोकझोंक भी हुई। मालूम हो कि पार्टी से बगावत कर बिसवां विधायक रामपाल यादव ने अपने बेटे जितेंद्र को निर्दलीय ही जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जिता दिया था। जबकि पार्टी प्रत्याशी चुनाव हार गई थी।
स्पर्श होटल पूरी तरह से अवैध है। इसे गिराने को लेकर पहले ही नोटिस दिया गया था। इसी के मद्देनजर होटल गिराने की कार्रवाई शुरू की गई है, लेकिन होटल में आयोजित शादी समारोह के चलते बाउंड्रीवाल गिराई गई। बिना लाइसेंस संचालित बार सील कर दिया गया है। शेष कार्रवाई कल की जाएगी।- अमृत त्रिपाठी, जिला अधिकारी