एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस बल व पीएसी ने गांव पहुंचकर प्रतिमाएं हटवाईं
थानगांव/रेउसा (सीतापुर)। थाना थानगांव इलाके में कब्जा करने की नीयत से सरकारी जमीन पर रातोंरात डॉ. भीमराव आंबेडकर व गौतम बुद्ध की प्रतिमा रख दी गई। सुबह गांव में तनाव फैल गया। खबर पाकर एसडीएम बिसवां, तहसीलदार व सीओ समेत तीन थानों की पुलिस गांव पहुंची और जांच में पाया कि प्रतिमाएं बिना अनुमति के रखी गई हैं।
इस पर अफसरों ने प्रतिमाएं हटवाने के निर्देश पुलिस को दिए। इस दौरान विशेष वर्ग के लोगों ने पुलिस के साथ अभद्रता कर हंगामा शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख एक प्लाटून पीएसी बुलाई गई। जिसके बाद प्रतिमाएं हटवाकर चबूतरा बराबर करवा दिया गया। थानगांव पुलिस ने 50 अज्ञात ग्रामीणों पर शांतिभंग की आशंका व पुलिस से अभद्रता के मामले में केस दर्ज किया है।
थानगांव थानाक्षेत्र के गुमई गांव में देवी का प्राचीन स्थान है। उसके पड़ोस में सरकारी जमीन है। सोमवार की रात चुपके से सरकारी जमीन पर चबूतरा बनवाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर व गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं रख दी गईं। सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
खबर पाकर एसडीएम बिसवां शशि भूषण राय, तहसीलदार गिरीश कुमार, सीओ तथा रामपुर मथुरा, सदरपुर, रेउसा, थानगांव की पुलिस गांव पहुंची। अफसरों ने सरकारी जमीन पर बिना अनुमति रखी गई प्रतिमाएं हटाने के निर्देश पुलिस को दिए। पुलिस के प्रतिमाएं हटाते ही विशेष वर्ग के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस से भी अभद्रता की गई। तनाव फैलते देख एसडीएम ने एक प्लाटून पीएसी बुलवाई। इसके बाद प्रतिमाएं हटवाकर चबूतरा बराबर कर दिया गया। थाना प्रभारी थानगांव राजेश राय ने बताया कि पुलिस से अभद्रता व माहौल बिगाड़ने के प्रयास में 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।