चाचा व चचेरे भाइयों ने युवक को पीटकर मार डाला
सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद में एक युवक को उसके चाचा व चचेरे भाइयों ने पीट-पीटकर मार डाला। परिवारीजन ने मृतक के चाचा व चचेरे भाइयों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के बरगदिया निवासी योगेंद्र (30) का अपने चाचा दाताराम से खेत में लगी बोरिंग के पंखे को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। योगेंद्र का आरोप था कि उसके चाचा व उनके परिवारीजन ने बोरिंग के पंखे को मिट्टी से पाट दिया है। इससे बोरिंग खराब हो रही है।
तकरार इस कदर बढ़ी कि दाताराम पक्ष से उसके पुत्र भी आ गए। जिन्होंने कुदाल व लाठी-डंडों से योगेंद्र की पिटाई शुरू कर दी। चीखपुकार सुनकर परिवार के सदस्य व ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। इस पर हमलावर मौके से भाग गए। मगर तब तक योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
परिवारीजन ने योगेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद से ही आरोपी परिवार समेत भाग गए हैं। योगेंद्र के परिवारीजनों ने उसके चाचा दाताराम, चचेरे भाई धीरज व राहुल के खिलाफ मिश्रिख कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि युवक जब घायल हुआ था, तभी रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इस मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।