बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में दो दिन से लापता एक युवक का शव रविवार को रेलवे के अंडर पास में भरे पानी में बरामद हुआ है। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
बिसवां इलाके के आनंतपुर निवासी अरविंद (22) पुत्र सुखराम दो दिन पूर्व घर से निकला था, लेकिन इसके बाद नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका था। परिजन तलाश कर रहे थे, इस बीच रविवार को बिसवां इलाके के राजा करनाई के निकट स्थित रेलवे अंडर पास में भरे पानी में एक युवक का शव उतराता मिला। मामले की सूचना पाकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को बाहर निकाला, इस बीच खबर मिलने पर लापता चल रहे युवक के परिजन आ गए। उन्होंने शव की शिनाख्त अरविंद के रूप में की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का कहना है कि युवक मंशाराम मंदिर के पास एक दरी फैक्टरी में काम करता था। हालांकि, परिवार ने मामले में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। इंस्पेेक्टर बिसवां ओपी तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में जांचकर कार्रवाई होगी।