तंबौर(सीतापुर)। थाना क्षेत्र में गांव के बाहर भैंस नहलाने के दौरान एक अधेड़ की बहा नाले में भरे बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। सूचना तहसील प्रशासन को भी दे दी गई है।
थाना क्षेत्र के गोविंदापुर निवासी सदानंद उर्फ नंदा (45) रविवार को गांव के बाहर भैंस चराने के लिए गया था। वह पास से गुजरे नाले में भैंस लेकर उसे नहलाने के लिए चला गया। नाला गोविंदापुर से होकर गुजरा है और काशीपुर में जाकर शारदा सहायक नहर में मिला है। इस कारण नदियों के उफनाने से बाढ़ का पानी भरा है। बताते हैं कि भैंस को नहलाते समय युवक का पैर गहरे पानी में चला गया, वह डूब गया।
चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास कर युवक को बाहर निकाला। तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौके पर ही युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। संवाद