फोटो-09 तालगांव क्षेत्र के पड़रिया-मदनापुर मार्ग पर सड़क किनारे मिले शवो के बाद मौके पर जांच पड़ता?
- फोटो : SITAPUR
महाराजनगर (सीतापुर)। कोतवाली तालगांव इलाके में शनिवार की देररात हत्यारों ने धारदार हथियार से एक महिला और युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। महिला का सिर काटा गया है। शरीर पर चोटों के और भी जख्म हैं। जबकि, युवक की गर्दन और सिर पर धारदार हथियार से हत्या की गई है। हत्यारे शवों को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए हैं। रविवार की सुबह दोनों के शव सड़क किनारे पड़े मिले। सूचना पाकर एसपी, एएसपी, सीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। एसपी ने घटना के जल्द खुलासे के आदेश दिए हैं। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों शव सौ मीटर के दूरी पर बरामद हुए हैं। डबल मर्डर की वजह और हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस का कहना है कि शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
तालगांव इलाके में मदनापुर गढ़ी गांव के पास पड़रिया-मदनापुर मार्ग पर सड़क किनारे रविवार की सुबह करीब 100 मीटर की दूरी पर एक महिला और एक पुरुष का शव पड़ा पाया गया। सूचना मिलते आस-पास गांव के लोग और तालगांव, मानपुर, समेत कई थानों की पुलिस और डॉग स्क्वॉयड, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। पुलिस ने शवों की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान न हो पाने की दशा में कार्रवाई अज्ञात में दर्ज करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला की उम्र करीब 45 साल, युवक की 35 साल है। महिला की सिर कलम कर हत्या की गई है। उसका धड़ सिर से अलग है। शव अर्धनग्न हालत में मिला है। महिला का सिर धड़ से कुछ दूरी पर पड़ा मिला है। महिला के शव के पास टिफिन बॉक्स, 1 मास्क, उसकी चप्पलें बरामद हुई हैं, जबकि युवक के पास से एक मास्क और चप्पल मिली हैं। दोनों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। दोनों की हत्या किसने की, क्यों की, हत्या करने वाले कौन हैं, किस मकसद से हत्या की गई है, यह रहस्य अभी तक बरकरार है। एसपी आरपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के आदेश दिए हैं। एएसपी नार्थ डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि धारदार हथियार से दोनों की हत्या की गई है। मामले में अज्ञात आरोपियों पर हत्या आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। शवों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। मृतकों की शिनाख्त कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
फोटो-08 सीतापुर जिले के तालगांव क्षेत्र के मदनापुर मार्ग पर सड़क किनारे मिले दोनों शवो के बाद मौके- फोटो : SITAPUR