लालबाग चौराहे के पर अतिक्रमणकारियों को हिदायत देते ईओ नगर पालिका वैभव त्रिपाठी। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। नगर पालिका की ओर से शहर में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसकी कमान खुद अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने संभाली। ईओ ने लालबाग चौराहे से आंख अस्पताल तक अतिक्रमण हटवाया। व्यापारियों को चेतावनी दी अतिक्रमण खुद हटा लें। ऐसा न करने पर बुलडोजर चलवाकर अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे बोर्डों को उठवा लिया गया।
शहर में हर तरफ अतिक्रमण फैला हुआ है। इसकी वजह से आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। लालबाग चौराहे से लेकर आंख अस्पताल व पड़ाव तक व्यापारी सड़क की पटरी पर दुकानों का सामान लगा देते है। इसकी वजह से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे जाम की रोजाना समस्या खड़ी हो रही है। ईओ वैभव त्रिपाठी ने मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ खुद कमान संभाली।
वह नगर पालिका गेट से निकले और सड़क के किनारे अतिक्रमण किए व्यापारियों को तत्काल अतिक्रमण हटवाने की चेतावनी दी। इस पर कुछ व्यापारियों ने अतिक्रमण हटा भी लिया। कई व्यापारी अपनी दुकान के बाहर सामान रखे थे। दुकान का बोर्ड सड़क पर रखे नजर आए।
नगर पालिका की टीम ने इन बोर्डों को उठवा लिया। लालबाग चौराहे से आंख अस्पताल तक अभियान चलाया गया। ईओ ने चेतावनी दी कि जिन व्यापारियों ने अतिक्रमण कर रखा है वे तत्काल हटा लें। ऐसा न करने पर बुलडोजर चलवाकर इसे हटा दिया जाएगा।