लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद दोस्तों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक ने दोस्त के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
लहरपुर इलाके में गुरुवार रात बिसवां तिराहा गेट के निकट ईदगाह मार्ग पर मोहल्ला मीरा टोला निवासी मो. कलीम (23) अपने साथी जीशान के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। इस बीच आरोप है कि जीशान ने कलीम के गले पर धारदार हथियार से वार कर कर दिया, इससे उसे गंभीर चोटें आई।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने उसका गला काटने का प्रयास किया। किसी तरह कलीम जान बचाकर मौके से भागा। लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी को फिलहाल हिरासत में ले लिया है।
वहीं कलीम की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं इस बारे में इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह ने बताया दोनों युवकों के बीच आपसी विवाद में घटना हुई है। कलीम के गले में चोट आई है। दोनों शराब के नशे में थे। तहरीर मिलने पर केस दर्जकर कार्रवाई होगी।