इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना इलाके में रंजिश में एक हमलावर ने ग्रामीण पर फायर कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना इमलिया सुल्तानपुर के शेरपुर निवासी रामप्रकट किसी कार्य से कहीं जा रहे थे। तभी राकेश गुप्ता ने उसे जान से मारने की नीयत से अवैध असलहे से फायर झोंक दिया। रामप्रकट घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
फायर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष रायसाहब द्विवेदी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल रामप्रकट को सीएचसी भेजा।
पुलिस ने दबिश मारकर गोलीकांड के आरोपी राकेश गुप्ता को मय असलहा पकड़ लिया। राय साहब ने बताया कि राकेश और रामप्रकट की पहले से रंजिश थी।
देर शाम शराब के नशे में रामप्रकट राकेश के घर पहुंच गया। राकेश को जान का खतरा लगा और उसने फायर झोंक दिया।