हरगांव/सीतापुर। तीन दिन से बिजली न आने पर बुधवार को लोग भड़क गये। उन्होंने हरगांव उपकेंद्र का घेराव किया। मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और प्रदर्शन किया। उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गए। अधिशासी अभियंता ने मौके पर पहुंचकर एक दिन की मोहलत मांगते हुए नया ट्रांसफॉर्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया।
हरगांव उपकेंद्र का पांच एमवी का ट्रांसफॉर्मर तीन दिन पहले फुंक गया था। इसकी वजह से करीब दो सौ गांवों की बिजली ठप हो गई थी। अभी तक ट्रांसफॉर्मर न बदले जाने से नाराज लोगों ने उपकेंद्र का घेराव किया। एसडीओ रामाज्ञा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बताया कि ट्रांसफॉर्मर के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। लेकिन आक्रोशित लोगों ने एसडीओ की बात नहीं सुनी। वह गेट पर ही ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शनकारी जिले से किसी बड़े अधिकारी को मौके पर आने की बात पर अडिग रहे।
अधिशासी अभियंता केसी आजाद ने मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं से बातचीत की। 24 घंटे के अंदर ही बिजली सप्लाई बहाल करने का आश्वासन देकर शांत कराया।