हरगांव (सीतापुर)। किन्नरों से अभद्रता और मारपीट के मामले में थाने के सामने हंगामे के बाद मामले में कार्रवाई न होने पर देर रात फिर किन्नर थाने पहुंच गए थे। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मंगलवार को किन्नरों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने के सामने जाम लगाकर हंगामा किया था। इलाके के मोहल्ला जलालीपुर निवासी किन्नर काजल ने बताया था कि वह बधाई लेने के लिए साथियों के साथ इलाके के गांव ददवारा गई थी। इस दौरान वधू पक्ष के रमाकांत, मनोज और श्रीकांत ने उनसे मारपीट की और सामान भी छीन लिया। सुबह ही किन्नरों ने हरगांव थाने में तहरीर दी थी। कार्रवाई न होने पर गुस्साए किन्नरों ने सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर स्थित हरगांव थाने के सामने जाम लगाकर हंगामा किया था।
पुलिस ने मामले को शांत करा दिया था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। रात में फिर किन्नर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। मामला तूल पकड़ते देख हरगांव पुलिस को केस दर्ज करना पड़ा। प्रभारी एसओ समय सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।