फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ से अफसरों की आवाजाही पर लगाएं रोक

विज्ञापन
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तीमारदार से बातचीत करते अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसार? - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
सीतापुर। अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यहां के अफसर व कर्मी लखनऊ से आवागमन करते हैं। इस पर रोक लगाई जाए। डीएम से कहा कि रात को आवास चेक करने के साथ ही लाइव लोकेशन ली जाए। जनपदवासी बहुत समय से ट्रॉमा सेंटर को संचालित करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इसे चालू करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री का बुधवार को सुबह से लेकर शाम तक व्यस्त भ्रमण कार्यक्रम रहा। सीएम की ओर से दिए गए विषयों पर अफसरों के साथ बैठक की। कहा कि गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। इसके लिए सभी सफाई कर्मी स्वयं काम करें। वह अपने स्थान पर दूसरों से काम न कराएं। इसके लिए कार्यस्थल पर काम करते हुए फोटो ग्रुप पर डाली जाए। शहरों में सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से होने के लिए वार्ड स्वच्छता समिति बनाने के निर्देश दिए। इसमें डीएम की ओर नामित वार्डवार नोडल अफसर कोऑर्डिनेट करेंगे।
किचन गार्डेन की फिनिशिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर का ताला जल्द खोला जाएगा। जिससे लोगों को समुचित इलाज मिल सके और राजधानी न भागना पड़े। जिला अस्पताल में मरीजों को बाहर की जांच लिखे जाने पर कहा कि वह निरीक्षण करने गए थे। किसी मरीज ने इसकी शिकायत नहीं की है। अगर शिकायत आएगी तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीएम अनुज सिंह, एसपी आरपी सिंह, सीडीओ अक्षत वर्मा, एडीएम, एएसपी, एसडीएम, सीओ आदि अफसर मौजूद रहे।
विज्ञापन

बाढ़ नियंत्रण को बनाई तीन सदस्यीय टीम
गांजरी इलाकों में बाढ़ की समस्या को लेकर राज्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। वह इस समस्या समाधान का विकल्प खोजने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए भी सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है। मदरसों में अब दीनी तालीम देने के अलावा विज्ञान, गणित और अंग्रेजी भी पढ़ाई जाएगी। जल्द ऐसी ऐप बनाई जाएगी, जिस पर घर पर रहकर भी बच्चे शिक्षा प्राप्त कर सके।
सिविल लाइंस और वाल्दा कॉलोनी में जानी समस्याएं
राज्यमंत्री ने सिविल लाइन व वाल्दा कॉलोनी में सफाई व्यवस्था का मुआयना किया। उन्होंने लोगों से सफाई के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि बेहतर सफाई व्यवस्था की जाए। चोक नालों की तत्काल सफाई कराएं। सफाई कर्मचारियों से वेतन समय पर प्राप्त होने की जानकारी की। वाल्दा कॉलोनी के मुआयने के समय सड़क किनारे नगर पालिका द्वारा लगवाए गए बोर्ड को देखकर नाराजगी जताई। कहा कि इस पर तो पुरानी जानकारी अंकित है। इसे बदलकर नई योजनाओं की जानकारी सहित अन्य बिंदुओं को अंकित किया जाए।
टेलीमेडिसिन सेवा का किया शुभारंभ
राज्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। एक स्थान पर गंदगी पाए जाने पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। इमरजेंसी वार्ड, मेडिकल वार्ड सहित अन्य वार्डों व सेवाओं का निरीक्षण किया। डायलिसिस सेवाएं शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में टेलीमेडिसिन सेवा का शुभारंभ भी किया। पर्चा काउंटर पर स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी ली।
बट्सगंज में उठी गंदे पानी की समस्या
बट्सगंज स्थित कान्हा उपवन व निराश्रित गौवंश आश्रय स्थल को देखा। वहां उन्हें मोहल्ले की सरिता अवस्थी सहित अन्य ने गंदा पानी भरा होने के साथ ही गंदगी की शिकायत की। शिकायती पत्र एसडीएम सदर ने लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। ब्लॉक एलिया के ग्राम इलसिया स्थित गोआश्रय स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा।
उन्होंने हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश दिए। बड़ौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों की उपस्थित को देखा। बच्चों से वार्ता कर मिड-डे-मिल की गुणवत्ता की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
अच्छा काम करने पर दिया प्रशस्ति पत्र
कमलापुर (सीतापुर)। कसमंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पताराकला के पंचायत भवन पहुंचकर अल्पसंख्यक राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी जनता से सीधे रूबरू हुए। कहा कि उन्हें योगी जी ने भेजा है। गांव और शहर जब विकसित होंगे तो प्रदेश भी विकास के पथ पर अग्रसर होगा। हमारी पार्टी की सोच ही पंक्ति में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। कुछ खिड़कियां खराब थी, उन्हें सही कराने को और रसोईघर के आगे का जीने बनवाने को कहा। उसके बाद अच्छा काम करने वालों को प्रशस्ति पत्र भी देकर पीठ थपथपाई। कहा कि आप सब अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं और अपने प्रदेश को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
शहर मे दो फ्लाईओवर बनाने की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने सीएम को संबोधित पत्र अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री को दिया। इसके मार्फत शहर के दो महत्वपूर्ण स्थानों पुलिस लाइन व श्यामनाथ क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की है। जिला अस्पताल का नाम पूर्व वित्त मंत्री स्व. राजेंद्र गुप्ता के नाम पर व शहर के प्रमुख चौराहे लालबाग का नाम भारत रत्न पूर्व पीएम स्व. स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें