सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दबकर किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस जांच में जुटी है।
रामकोट इलाके के भंवरी कमलापुर निवासी किसान महेश (40) मंगलवार को गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा था। तभी इलाके में मधवापुर मार्ग पर परसेहरा मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे ट्रैक्टर पर बैठे किसान महेश उसके नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत से महेश को ट्रैक्टर के नीच से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दरोगा सत्यपाल सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला है ट्रैक्टर पंकज चला रहा था। हादसे के बाद वह भाग गया है। दोनों आपस में चाचा-भतीजे हैं। एसओ संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। (संवाद)