बस की चपेट से घायल युवक की मौत
ढेबरूआ। बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर बस की चपेट से घायल बाइक सवार युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बलरामपुर के गैसड़ी थाना क्षेत्र के सुगांव चित्तौडगढ़ निवासी रामभवन (22) बढ़नी कस्बा में रहकर पेटिंग करते थे। शुक्रवार को बाइक से बढ़नी से घर लौटते समय पचपेड़वा मार्ग पर समय माता स्थान के पास सामने की तरफ से आ रही प्राइवेट बस की चपेट में वह आ गए। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने उनको पीएचसी बढ़नी में भर्ती कराया।
वहां चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को युवक की मौत हो गई। बढ़नी चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। बस को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।