जमीन का मुआवजा न मिलने पर सड़क निर्माण रोका
पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के लखनापार-बैदौला बांध पर शनिवार को ग्राम पंचायत भपसी और बैजनथा के ग्रामीणों ने बंधा निर्माण में निकली भूमि के मुआवजे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही बंधे पर लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क के निर्माण को रोक दिया।
भैसहवा सरहद से लेकर बैजनथा सरहद तक सिंचाई विभाग की ओर से बंधे का निर्माण किया गया था। उस समय भपसी और बैजनथा गांव के लोगों का खेत बंधे में चला गया था। उस समय सिंचाई विभाग की ओर से किसानों की जमीन का मुआवजा देने के लिए कहा गया था, लेकिन अब तक किसानों को अपनी भूमि का मुआवजा नहीं मिला है। दोनों गांव के ग्रामीणों का कहना है कि अपनी भूमि के मुआवजे की मांग करते हुए हम लोग विभाग के अधिकारियों से कई बार कह चुके हैं। इसके बाद भी अभी तक किसी का मुआवजा विभाग ने नहीं दिया है।
प्रधान के प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, प्रधान दुर्गा प्रसाद, चंद्रशेखर चौधरी, गुड्डू चौधरी, श्याम चौधरी, गोविंद, राजू मौर्या, मंतराम, अश्विनी, जमीरूलाह, आत्मा प्रसाद, रामसरुप, पिंटू चौधरी ने उच्चाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से यथाशीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि भपसी और बैजनथा गांव के लोगों की मांग जायज है।