संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वाविद्यालय परिसर में भारत अंतरिक्ष सप्ताह (इंडिया स्पेस वीक) दिल्ली की ओर से रविवार को आयोजित राष्ट्रीय
साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का सजीव प्रसारण किया गया। भारतीय साइबर अपराध सुरक्षा समन्वय केंद्र की ओर से साइबर सुरक्षित भारत के नारे के साथ लोगों को जागरूक किया गया, जिसमें 160 से अधिक महाविद्यालय, विद्यालय एवं व्यक्ति इस जूम प्लेटफाॅर्म पर जुड़े थे ।
कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों द्वारा हैकिंग के विविध स्वरूपों, फिशिंग, डेटा चोरी, सामाजिक मीडिया प्लेटफार्म से जुड़े साइबर
अपराधों, फाइनेंशियल साइबर अपराधों एवं डिजिटल अरेस्ट पर सविस्तार जानकारी दी गई। साइबर अरेस्ट पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’
कार्यक्रम की वीडियो क्लिप भी प्रदर्शित की गई। साइबर जगत में विविध प्लेटफार्मों पर अलग-अलग तरीकों से होने वाले अपराधों को पहचानने पर विशेष जोर दिया गया और इनसे बचाव के उपाय सविस्तार समझाए गए। सोशल मीडिया के संयमित प्रयोग, मोबाइल सेफ्टी, ऑनलाइन गेमिंग सेफ्टी तथा डीप-फेक एआई पर भी विशेष जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय में इस इंटरैक्टिव सत्र का प्रसारण गौतम बुद्ध सभागार में किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक शिक्षक, अतिथि प्रवक्ता, शोधार्थी
एवं विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था और सत्र में जुड़े। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के नॉलेज हब के समन्वयक एवं नोडल अधिकारी डॉ. सत्यम मिश्र द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय स्तर कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष हिंदी विभाग प्रो. सत्येन्द्र दुबे ने की। कार्यक्रम में प्रतिभागियों का स्वागत डॉ. शिवम शुक्ला ने किया।