बढ़नी ब्लॉक में डायरिया के दो और मरीज मिले
- बढनी ब्लॉक के बैदौली और रेड़वरिया गांव में डायरिया का प्रकोप
- दोनों गांव में डायरिया से जा चुकी है पांच की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। बढ़नी ब्लॉक के बैदौली और रेड़वरिया गांव में फैले डायरिया की चपेट में आने से पांच लोगों की जान जा चुकी है। बाढ़ से उपजे इस बीमारी से निजात पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम स्वास्थ्य परीक्षण और दवाओं के वितरण करने का कार्य कर रही हैं। हालांकि 24 घंटे में दो और बीमार मिले हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
क्षेत्र का बैदौली और रेड़वरिया गांव बाढ़ से प्रभावित है। बाढ़ के साथ ही दोनों गांव में डायरिया का प्रकोप ऐसा बढ़ा कि पांच लोगों की जान चली गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम के अलर्ट होने के बाद रोग कुछ हद तक नियंत्रण में है। पिछले 24 घंटे में बैदौली में किसी के बीमार होने की जानकारी नहीं मिली है। वहीं रेड़वरिया में मोमिना (25) जरीना (18) पुत्री सई मोहम्मद बृहस्पतिवार को बीमार हो गई और उनका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच कर रही है। पीएचसी बढ़नी के चिकित्सक डॉ. विजय कुमार व फार्मासिस्ट सत्येन्द्र कुमार लोगों की जांच कर दवा वितरित कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रामप्रधान मो. मुस्तफा ग्रामीणों को साफ सफाई के प्रति जागरूक करने के साथ गांव में नालियों की साफ -सफाई और दवा का छिड़काव कार्य की देखरेख स्वयं कर रहे हैं।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि रेड़वरिया की स्थिति अब सामान्य है। इस समय वायरल बुखार का समय चल रहा है। जिसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और जो पीड़ित हैं उन्हें निकट के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर इलाज करवाने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव की निगरानी कर रही है।