करंट की चपेट से एक किशोर, दो बालक झुलसे
- आम तोड़ते समय तार के संपर्क में आने से हुआ हादसा
- डुमरियागंज नगर के खीरा मंडी स्थित पेट्रोल पंप के पीछे आम के बगीचे की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। नगर के खीरा मंडी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित आम के बाग में बृहस्पतिवार की शाम आम तोड़ रहे दो बालक व एक किशोर हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार के लोग उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 हबीबुल्लाह नगर निवासी विशाल (12), रत्नेश साहू (14), अखिलेश (11) अपने साथियों के साथ बृहस्पतिवार की शाम नगर के खीरा मंडी स्थित पेट्रोलपंप के पीछे आम के बाग में एक पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहे थे। इसी बीच तीनों बच्चे वहां से होकर गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की खबर मिलने के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीण और बच्चों के परिजन पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें अखिलेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष सूर्यभान सिंह ने बताया कि उन्हें बच्चों के झुलसने के हादसे की कोई जानकारी नहीं हैं।