...तो जिले में पर्यटन के विकास को लगेगा पंख
सिद्धार्थनगर। जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पर्यटन विकास की सौगात मिलने की संभावना बढ़ गई है। कपिलवस्तु में पर्यटन के पुराने प्रस्तावों पर मुहर लगी तो यहां भी पर्यटन का विकास तय हो जाएगा। बौद्घ सर्किट से जुड़ने के बावजूद कपिलवस्तु में बौद्घिष्ठ मठ और ध्यान केंद्र नहीं है। इस कारण विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने में बाधा आ रही है।
कपिलवस्तु में विदेशी पर्यटकों को ठहरने, गुुणवत्ता एवं स्वादिष्ट भोजन व ध्यान करने की अच्छी सुविधाएं नहीं हैं। यहीं कारण है कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्घि नहीं हो पा रही है। कोरोना संक्रमण काल के पहले विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही थी, लेकिन वृद्धि अपेक्षा के अनुसार नहीं थी। विदेशियों के बौद्धिक मठ कपिलवस्तु में बन जाए तो उनका आकर्षण इधर भी होगा। बौद्ध सर्किट के कुशीनगर, सारनाथ एवं श्रावस्ती में विदेशी बौद्धिष्ठ मठ बनाए गए हैं। विदेशी पर्यटक आते हैं तो अपने देश के मठ में ध्यान करना ज्यादा पसंद करते हैं। जिला पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. मकबूल अंसारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार को कपिलवस्तु में पर्यटन विकास के दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव भेजे गए हैं।
लुंबिनी की तर्ज पर बौद्धिष्ठ मठ
दो वर्ष पहले तत्कालीन डीएम कुणाल शिल्कू ने लुंबिनी कपिलवस्तु में मोनस्ट्रीज यानी विदेशों के बौद्घिष्ठ मठ बनाने का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा था। राज्य सरकार के प्रस्ताव पर विदेश मंत्रालय भारत सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य होना है। इसमें श्रीलंका, साउथ कोरिया, जापान, वर्मा, चीन, भूटान आदि देशों के बौद्धिष्ठ मठ बनाने की योजना है।
मेडिटेशन सेंटर का इंतजार
जिला प्रशासन ने कपिलवस्तु में 49 करोड़, 95 लाख पांच हजार रुपये में मेडिटेशन सेंटर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें 33 एकड़ भूमि अधिग्रहण करके पर्यटन का विकास करना है। डीएम दीपक मीणा ने इस योजना की स्वीकृति के लिए दो दिन पहले ही इस प्रस्ताव फिर भेजा है। मेडिटेशन सेंटर बनने से भी विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना बढ़ेगी।
पीपीपी मॉडल पर होटल
कपिलवस्तु में तीन एवं दो स्टार होटल नहीं हैं। पर्यटक आते हैं तो ठहरने की बेहतर सुविधा न होने के कारण वे यहां रात नहीं बीताना चाहते हैं। पीपीपी मॉडल पर कपिलवस्तु के आसपास पास होटल बनाए जाएं तो विदेशी पर्यटक यहां रुकना पसंद करेंगे।