गांव के बाहर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
इटवा। थाना क्षेत्र के मूसा गांव के बाहर शुक्रवार को युवक का क्षतविक्षत शव मिला। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
क्षेत्र के मूसा गांव के पश्चिमी सीवान में धान की कटाई के दौरान ग्रामीणों को शव दिखा। शव सड़कर कई टुकड़ों में और लगभग पांच स्थानों पर पड़ा था। शरीर के महत्वपूर्ण अंग सिर, कमर व सीना गायब था। सिर की चमड़े में लगा बाल पड़ा मिला है। इसकी जानकारी मिलते ही शव को देखने वालों का तांता लग गया।
कंकाल के टुकड़े में लिपटी बेल्ट, पैंट और खून से सनी चड्डी मिली है। उसे देखकर लोग आशंका जता रहे थे कि शव कुछ दिन पहले गांव से लापता एक किशोर का है। इस संबंध में एसओ इटवा ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसकी पहचान की कोशिश कराई जा रही है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।