कूड़ा हटाने गए चालक को पीटा, थाने पर पहुंचे सफाईकर्मी
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के पुरानी नौगढ़ के पश्चिम गोला में मंगलवार को कूड़ा हटाने गए जेसीबी के चालक की किसी बात पर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। इससे नाराज सफाईकर्मी सदर थाने पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सभी को समझाकर काम पर भेजा।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के गौरा निवासी राजकुमार नगर पालिका सिद्धार्थनगर में जेसीबी चालक हैं। वह नगर पालिका के कार्यों में मशीन को लेकर जाते हैं। राजकुमार के मुताबिक, मंगलवार को वह पालिका के पुरानी नौगढ़ के पश्चिम गोला में सड़क पर पड़े कूड़े को हटाने के लिए गए थे। कूड़ा हटाते समय एक परिवार के लोग गाली देने लगे। विरोध करने पर परिवार के लोग मिलकर पीटने लगे।
आसपास के लोगों के बीच-बचाव कर छुड़ाया। राजकुमार ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं चालक के पीटे जाने की खबर सुनते ही नगर के पालिका में कार्यरत कर्मी काम छोड़कर सदर थाने पर पहुंच गए। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर सभी को वापस भेजा। तहरीर के आधार पर पुलिस लिखा-पढ़ी में जुटी गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सदर केडी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में केस दर्ज करके आरोपितों पर कार्रवाई की जा रही है।