कपिलवस्तु महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करते डीआईडी के कलाकार।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
महोत्सव में देश भक्ति गीत, नृत्य पर झूम उठे दर्शक
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु महोत्सव में शनिवार की रात नौ बजे अनरियल क्यू डांस ग्रुप के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मुग्ध कर दिया। ग्रुप के कलाकारों ने देश भक्ति गीतों पर नृत्य किया तो लोग झूम उठे।
करीब एक घंटा में कलाकारों ने दस प्रस्तुतियां दीं। हालांकि दर्शक रेखा भारद्वाज की प्रस्तुति सुनने के लिए इंतजार कर रहे थे। राजस्थान के जोधपुर के छह कलाकारों ने ‘टिप-टिप बरसा पानी...’ गाने पर चार मिनट की शानदार प्रस्तुति दी। नृत्य के साथ उन्होंने हैरतअंगेज करतब भी दिखाए। उनके नृत्य में उम्दा अभिनय नजर आया।
राजेश जांगिड़, गौतम चांगरा, वसीम बेलमी, दिनेश पवार, संजय सरगरा की टीम ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। तेरी मिट्टी में मिल जावा..., गीत पर कलाकारों की प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा। उसके बाद मंच पर रात दस बजे गायिका रेखा भारद्वाज की टीम पहुंची। उनके गाने सुनने के लिए लोग ठंड में रुके रहे।