राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर जताई नाराजगी
सिद्धार्थनगर। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर नाराजगी जताई। संगठन के जिलाध्यक्ष यादवेश राय ने कहा कि विद्युत वितरण निगम में शिकायत पर करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि जूनियर इंजीनियर को प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने संगठन की मांगों पर मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर किए गए सत्याग्रह के दौरान यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जूनियर इंजीनियर संसाधनों के अभाव में कार्य कर रहे हैं। इस कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन की मांगों पर अमल नहीं किया जा रहा है। संसाधनों के अभाव में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने के लक्ष्यों पर पानी फिर गया है।
उन्होंने कहा कि एक सितंबर को पूर्वांचल के सभी जनपदों में वरिष्ठतम अधिकारियों के कार्यालयों पर ध्यान दिलाने के लिए सत्याग्रह किया जाएगा। इस दौरान इं. अखिलेश्वर प्रसाद, इं. सुरेंद्र कुमार, इं. अनिल यादव, इं. पंकज विश्वकर्मा, अवधेश कुमार, संदीप कुमार, रामरतन, राजीव, सतेंद्र, चंद्रशेखर मौजूद थे।