ईवीएम की रखवाली कर रहे सपा और बसपा कार्यकर्ता
सिद्धार्थनगर। नवीन मंडी स्थित स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा है, लेकिन राजनीतिक पार्टियों ने ईवीएम की रखवाली के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा दी है। सपा ने मतगणना स्थल के बाहर टेंट लगा दिया है। सभी विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की छह-छह घंटे की ड्यूटी लगाई जा रही है, जबकि बसपा के कार्यकर्ता भी दिन रात पहरेदारी करते नजर आ रहे हैं।
जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम नवीन मंडी परिसर के स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। मतगणना 10 मार्च को होनी है। पांचों विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशियों ने रात एवं दिन की पाली बनाकर कार्यकर्ताओं को रखवाली की जिम्मेदारी सौंपी है। मतगणना स्थल पर सपा की तरफ से नवीन मंडी गेट के सामने टेंट लगाकर कार्यकर्ता दिन और रात की पाली बनाकर रखवाली कर रहे हैं।
कपिलवस्तु क्षेत्र से सपा प्रत्याशी विजय पासवान प्रतिदिन मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को चौकस रहने की हिदायत दे रहे हैं। सपा के प्रदेश सचिव अजय चौधरी का कहना है कि पांचों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी समर्थक मतगणना स्थल पर निगरानी कर रहे हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि होने पर उन्हें सचेत होकर जानकारी लेने और विरोध करने को कहा गया है। छह-छह घंटे की ड्यूटी के अनुसार कार्यकर्ता नवीन मंडी स्थल के टेंट में डटे हुए हैं। वहीं बसपा जिलाध्यक्ष राजकुमार का कहना है कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना स्थल पर लगातार निगरानी कर रहे हैं, जो संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल विरोध जताएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव का कहना है कि मतगणना में किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका नहीं है और न ही ईवीएम में हेरफेर किए जाने की आशंका है। ऐसे में भाजपा का कोई प्रत्याशी और समर्थक मतगणना स्थल पर रखवाली अथवा निगरानी नहीं कर रहा है।
केंद्रीय बल एवं स्थानीय पुलिस कर रही सुरक्षा
मतगणना स्थल नवीन मंडी परिसर में स्ट्रांग रूम में बंद ईवीएम की रखवाली का जिम्मा परिसर के अंदर केंद्रीय बल के कंधों पर है, जबकि मंडी परिसर के बाहर सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस कर रही है। मंडी परिसर की बाउंड्रीवाल के बाहर चारो तरफ से पुलिस का सुरक्षा घेरा मौजूद है, जबकि गेट के अंदर केंद्रीय बल के जवान रात दिन चौकस हैं। सीओ सदर प्रदीप कुमार यादव मतगणना स्थल की सुरक्षा का लगातार निगरानी कर रहे हैं।