सीएचसी इटवा में महिला को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाती स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
कहीं वैक्सीन हो गई खत्म, कहीं कतार में हुई धक्कामुक्की
इटवा/बिस्कोहर। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने केंद्रों पर पहुंच रहे कई लोगों को निराश होना पड़ रहा है। डोज कम पड़ जाने के चलते उन्हें वैक्सीन लगवाए बिना लौटना पड़ रहा है। शनिवार को न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिस्कोहर में वैक्सीन न होने से दो सौ लोग निराश होकर घर लौटे। इसमें अधिकांश लोग पड़ोसी जनपद बलरामपुर के रहने वाले थे।
इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण के लिए मारामारी जैसा माहौल था। कतार में खड़े लोग सामाजिक दूरी का पालन करना भूल गए। हर व्यक्ति चाह रहा था कि सबसे पहले उसके वैक्सीन लगे। वहीं जिले के लगभग अधिकांश केंद्र पर वैक्सीन नहीं होने से टीकाकरण प्रभावित रहा। बिस्कोहर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार की सुबह बिस्कोहर क्षेत्र के काफी लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे थे। स्वास्थ्य केंद्र पर इमिलिया पर भी लोग कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए आए थे।
बाद में निराश होकर लौट गए। रोहनीभारी गांव निवासी सोविंद ने बताया कि रोजगार के लिए मुंबई जाना है। 11 अगस्त को टिकट है। बड़ी आस लेकर आज सुबह ही वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे, लेकिन निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया भनवापुर के अधीक्षक शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि वैक्सीन ब्लॉक पर उपलब्ध नहीं थी। वैक्सीन आते ही टीकाकरण किया जाएगा। दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा में शनिवार को वैक्सीन के लिए शिविर लगी थी। मगर भीड़ ऐसी थी कि लोग शारीरिक दूरी का पालन करना भूल गए। लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े नजर आए। टीका लगवाने के लिए मारामारी जैसी स्थिति रही।
शनिवार को जिले के लिए 4500 वैक्सीन डोज मिली थी। इस बीच सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न पहुंचाने में असमर्थ विभाग के जिम्मेदारों ने सिर्फ जिला अस्पताल में ही 250 वैक्सीन डोज उपलब्ध कराई। शेष वैक्सीन का इस्तेमाल सोमवार को करने के लिए रोक दिया गया। सोमवार को मिलने वाली डोज के लिए रविवार को पुख्ता जानकारी मिल सकेगी।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि राज्य स्तर से वैक्सीन की डोज कम मिल रही है। उपलब्धता के आधार पर सभी टीकाकरण सत्र स्थलों पर वैक्सीन दी जा रही है। शनिवार को 45 सौ डोज मिली थी। सोमवार को लक्ष्य के सापेक्ष वैक्सीन मिलने की उम्मीद है।