डुमरियागंज। बिजली निगम द्वारा चलाई जा रही एक मुश्त विद्युत समाधान ओटीएस योजना के तहत बृहस्पतिवार की शाम तक डुमरियागंज बिजली डिवीजन क्षेत्र में 18 लाख रुपये से अधिक का बिल जमा कराया। ओटीएस में छूट का लाभ लेने के लिए 125 लोगों ने अपना पंजीकरण कराया।
जानकारी के अनुसार डुमरियागंज के बैदोलागढ़ स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय, डिवीजन कार्यालय, हल्लौर चौराहा के निकट, बेंवा, तिलगडिया, खानतारा, मोतीगंज, रीवा सहित लगभग दो दर्जन स्थानों पर बिजली समाधान और पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया, जहां पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लोगो ने अपना पंजीकरण और बकाया बिल का भुगतान किया। इस संबंध में डुमरियागंज डिवीजन के अधिशाषी अभियंता संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बिजली निगम की तरफ से चलाई जा रही एक मुश्त विद्युत समाधान ओटीएस योजना में जो उपभोक्ता अभी तक अपना पंजीकरण ओटीएस में नहीं करा पाए हैं। वह पंजीकरण कराकर छूट का लाभ उठाएं।