लगातार हो रही बारिश से राप्ती, बानगंगा और कूड़ा का भी बढ़ रहा जलस्तर, सहमे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लगातार बारिश से बूढ़ी राप्ती और घोघी नदी का जलस्तर लाल निशान को पार कर गया। राप्ती, बानगंगा और कूड़ा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे नदियों के किनारे बसे गांवों लोग सहमे हुए हैं।
जिले में चार दिन से लगातार हो रही बारिश से नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र से निकलने वाली जिले की अधिकांश नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। बूढ़ी राप्ती खतरे के निशान से 55 सेमी और घोघी नदी 20 सेमी ऊपर बह रही है। इससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोग भयग्रस्त है।
टड़िया प्रतिनिधि के अनुसार जोगिया के कछार क्षेत्र के गायघाट, बैरवा नानकार, ताल भिरौना, अजगरा, पनिहवा, हरनी, धुसवा आदि गांव के किसानों की सैंकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। राप्ती एवं बूढ़ी के बीच दोआब का यह क्षेत्र दोनों तरफ बने बांधों के बीच स्थित होने के कारण जलभराव से कई गांव के लोगों की सांसत हो गयी है। बीच में संतोखवा नाला में भी उफान होने के कारण कई गांव चारो तरफ से पानी से घिर गए है। बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि लगातार बारिश से भयावह बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जिससे बहुत जन एवं धन हानि हो सकती है।
सिंचाई विभाग के जेई एसके सिंह ने बताया कि बाढ़ से बचाव और सुरक्षा की पूरी तैयारी है। बांधों की लगातार निगरानी की जा रही है, जहां भी खतरे की स्थिति उत्पन्न होगी, वहां त्वरित बचाव कार्य कराया जाएगा।
नदी लाल निशान शुक्रवार को जलस्तर शनिवार को जलस्तर
बानगंगा 93.420 - 93.00 - 93.20
जमुआर 84.89 - 81.35- 81.45
राप्ती 84.900 - 83.360- 83.880
बूढ़ी राप्ती 85.650 - 84.780 - 86.200
कूड़ा 83.520 - 80.600 - 82.360
तेलार 87.200 - 84.50 - 85.80
घोघी 87.000- 85.65 - 87.20
---------------------------------
जर्जर बांध से ग्रामीणों में भय
महदेवा बाजार। नौगढ़ उसका बांध रेन कट एवं रैट होल के कारण जर्जर हो चुका है। कई वर्ष से बांध की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का कहना है कि अगर बाढ़ आएगी तो पानी का हल्का सा भी दबाव बांध नहीं झेल पाएगा। क्षेत्र के निवासी पंचम, मकबूल, इंतजार, श्यामलाल, बनारसी, पीतांबर, दिलीप, पंकज बरनवाल, शेषराम व राजाराम आदि का कहना है कि महदेवा और सोहांस के बीच इस बांध की स्थिति बेहद खराब है। बांध में कई जगह गड्ढे बन गए है, जब भी बारिश होता है और नदी में पानी बढ़ता है तो हम लोग बांध की रखवाली के लिए पूरी रात जगते हैं।
रुक-रुककर होगी बारिश
सिद्धार्थनगर। जिले में शनिवार को सुबह बारिश हुई और फिर बादल छा गए। 24 घंटे में 10 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 83 प्रतिशत रही जबकि, पूर्वी हवा की औसत रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा रही। कृषि विज्ञान केंद्र सोहाना के मौसम वैज्ञानिक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मानसून सक्रिय है। जिला एवं आसपास के क्षेत्रों में रुक रुककर बारिश होने की संभावना है।