दंगा, कर्फ्यू नहीं, कांवड़ यात्रा निकालने वाली सरकार बनाएं : योगी
बिजली की भी थी जाति और मजहब : योगी
भाजपा प्रत्याशी श्याम धनी के समर्थन में कपिलवस्तु में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की सभा
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दंगा, कर्फ्यू नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रा निकालने वाली सरकार बनाइए। अब बमबारी नहीं होती है। हर हर बम बम करके हुए कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। सपा सरकार में 700 और बसपा सरकार में 364 दंगे हुए थे। अब कोई दंगा नहीं कर सकता है। पहले पर्व, त्योहारों में कर्फ्यू लगते थे। हमारे लिए पाबंदी थी और सरकारें तुष्टीकरण की हदें पार करके कार्य करती थीं। अब सुरक्षा का माहौल है। विकास और बुलडोजर साथ- साथ सरकार चल रही है। वे कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के बुद्ध विद्यापीठ इंटर कॉलेज बर्डपुर में मंगलवार को आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा प्रत्याशी विधायक श्यामधनी राही के समर्थन में वोट मांगा।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से बिजली की भी जाति और मजहब थी। ईद और मुहर्रम में पर्याप्त बिजली मिलती थी और होली-दीपावली में कट जाती थी। अब बिना किसी भेदभाव के सभी को पर्याप्त बिजली मिल रही है। उन्होंने कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाने तक विकास को सिमटा दिया था, लेकिन अब विकास नजर आ रहा है।
माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सहित अन्य विकास कार्य हुए हैं। डबल इंजन की सरकार में सबका साथ सबका विकास हो रहा है, जबकि पहले सबका साथ और सैफई खानदान का विकास होता था। अब बिना भेदभाव के सभी को राशन मिल रहा है। पहले गरीबों का राशन सपा के गुर्गें खा जाते थे।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि फिर से योगी सरकार बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय करें।
जनसभा में महंत बृजमोहन दास, महंत बलराम दास, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, विधायक सलिल विश्नोई व महेश त्रिपाठी, जिला मंत्री कन्हैया पासवान, अजय सिंह, आशीष शुक्ल, अरविंद द्विवेदी मौजूद थे।
आपके वोट से बनेगी दमदार सरकार
सीएम योगी ने कहा कि पांच चरण के चुनाव का रुझान बता रहा है कि भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत से आने वाली है। छठवें और सातवें चरण के चुनाव में चौके-छक्के की तरह वोट पड़ने चाहिए, ताकि दमदार सरकार बने। सरकार दमदारी से कार्य करेगी तो दंगाइयों, गरीबों को योजनाओं को लाभ मिलेगा और माफिया को बुलडोजर से सही रास्ता दिखाया जाएगा। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण करने वाली, सभी को सुरक्षा देने वाली सरकार बनाने के लिए जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा व भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी की जीत के लिए ईवीएम की बटन दबाएं।
नेपाल भागना चाहते हैं सपा, बसपा के नेता
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा के पक्ष में रुझान देखकर सपा, बसपा के नेताओं ने विदेश का टिकट बुक करा लिया है। कुछ नेता नेपाल भागना चाहते हैं, लेकिन नेपाल सीमा पर सख्ती बढ़ गई है, अब वे बाहर नहीं जा सकेंगे। उन्होंने जनता से पूछा कि आपको कोरोनारोधी का टीका लगा या नहीं। जनता ने हाथ उठाकर हां में जवाब दिया तो उन्होंने कहा कि सपा, बसपा की सरकार होती तो टीके बेच दिए जाते।
पुरानी घटना की दिलाई याद
सीएम योगी ने कहा कि 7-8 साल पहले सिद्धार्थनगर में यादव परिवार के दो लोगों की हत्या हुई थी। तत्कालीन सपा सरकार के मंत्री आए तो हत्यारों के घर गए थे। पहले अपराध चरम था, उन्हें हर महीने आना पड़ता था, आंदोलन करना पड़ता था।
-------------