सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल करेंगी शिरकत
कपिलवस्तु । सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में आगामी पांच दिसंबर को होने वाले पांचवें दीक्षांत समारोह की तैयारी बैठक करते हुए कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने सभी समितियों की कार्य एवं प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल का आगामी 3-5 दिसंबर तक विश्विद्यालय में ठहरने का संभावित कार्यक्रम बन रहा है। तीन दिसंबर को परिसर स्थित हेलीपैड से विश्विद्यालय के गेस्ट हाउस आएंगी और वहां से उसी दिन लुंबिनी जाने का कार्यक्रम है। चार दिसंबर को जिले के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों से मुलाकात कर सकती हैं। आखिरी दिन पांच दिसंबर को दीक्षांत के मुख्य समारोह में सम्मिलित होंगी।
कुल 33 गोल्ड मेडल राज्यपाल के द्वारा मेधावियों को प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर कुल सचिव राकेश कुमार ने कहा की परिसर में सभी के लिए मास्क का प्रयोग अनिवार्य होगा। कुलपति ने सभी 27 समितियों से अलग-अलग चर्चा की।
समीक्षा बैठक में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध केंद्र के कार्यकारी अधिकारी प्रो सुशील तिवारी, वित्त अधिकारी अजय सोनकर, सहायक कुलसचिव दीनानाथ यादव, प्रो हरीश शर्मा, प्रो दीपक बाबू आदि मौजूद रहे।