भाइयों की कलाइयों में राखी बांध की दीर्घायु की प्रार्थना
सिद्धार्थनगर। जिले में रक्षाबंधन का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। सेंटजेविर्यस स्कूल की छात्राओं ने डीएम दीपक मीणा, एसपी डॉ. यशवीर सिंह और सदर थाने में पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। एसएसबी जवानों को बच्चियों और छात्राओं ने रखी बांधी।
नगर के सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्राओं की टोली रविवार को डीएम दीपक मीणा के पास पहुंची। उन्हें राखी बांधी और उनकी लंबी आयु की कामना की। डीएम ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। उसके बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह को उनके आवास पर पहुंचकर राखी बांधी। वहां से सदर थाने पहुंचकर कोतवाल और पुलिस कर्मियों को राखी बांधी। परसा प्रतिनिधि के अनुसार, एसएसबी के बीओपी कोटिया पर सीमा जागरण मंच की ओर से रक्षाबंधन कार्यक्रम मनाया गया।
रक्षाबंधन पर्व पर रविवार को 43वीं वाहिनी एसएसबी के कोटिया स्थित बीओपी पर स्थानीय बालिकाओं ने सीमा की सुरक्षा में मुस्तैद जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी। इसके साथ ही बहनों ने देश और समाज की सलामती के लिए आरक्षी भाइयों को संकल्प दिलाया। इस दौरान शैलेंद्र अग्रहरि, एसएसबी के मेजर सोहन सिंह, रामजी जायसवाल आदि मौजूद रहे। डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार, रक्षाबंधन तहसील क्षेत्र में रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाइयों ने बहनों से कलाई पर रक्षासूत्र बंधवाकर विशेष तोहफे भेंटकर कर सदैव उनकी रक्षा का संकल्प लिया। वहीं बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की।
नगर सहित गांव के प्रमुख तिराहों-चौराहों पर मिठाई व रंग बिरंगी राखियों की दुकानें सजी रहीं। दिनभर रक्षा बंधन पर्व से संबंधित गीत बजते रहे। नगर सहित गांव के प्रमुख तिराहों चौराहों पर मिठाई व राखियों की दुकानें सजीं रहीं। उपहार व आभूषण की दुकानों पर भीड़ रही। सड़कों पर वाहनों की कमी दिखे। पूरे दिन शुभ मुहूर्त होने के कारण सुबह से ही बहनें अक्षत, रोरी, पुष्प आदि पूजन सामग्री लेकर भाइयों को तिलक लगाया। उसके बाद आरती उतारकर राखी बांधकर दीर्घायु की कामना की। ढेबरुआ प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसी प्रकार बांसी, इटवा, शोहरतगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में हर्षोल्लास से रक्षाबंधन पर्व मनाया गया।