ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन, 570 एलपीएम सप्लाई होगा
संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में सांसद जगदंबिका पाल ने किया उद्घाटन
सिद्धार्थनगर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबंद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में शुक्रवार को तीसरे ऑक्सीजन प्लांट का सांसद जगदंबिका पाल ने उद्घाटन किया। पीएम केयर फंड से स्थापित इस प्लांट से 570 एलपीएम ऑक्सीजन की सप्लाई होगी।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका में उससे निपटने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में है। बच्चों के संक्रमित होने की आशंका के बीच जिला अस्पताल समेत चिह्नित सीएचसी व पीएचसी पर ऑक्सीजनयुक्त वार्ड समेत अन्य विशेष वार्ड की स्थापना की जा चुकी है। ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध जिला अस्पताल परिसर में अब तक 100 एलपीएम, 260 एनपीएम के अलग-अलग दो आँक्सीजन प्लांट की स्थापना हो चुकी है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, सदर विधायक श्यामधनी राही, जिलाधिकारी दीपक मीणा, प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, डीडीओ शेषमणि सिंह, सीएमएस डॉ. नीना वर्मा, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. अनूप यादव, डॉ. संगीता पांडेय, डॉ. शैलेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
लिफ्ट न चलने पर सांसद ने जताई नाराजगी
संयुक्त जिला अस्पताल में स्थापना काल से स्थापित किए गए लिफ्ट के अब तक न चलने की खबर को ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। इस खबर को सांसद जगदंबिका पाल ने गंभीरता से लिया। शुक्रवार को ऑक्सीलन प्लांट के शुभारंभ अवसर पर सांसद ने डीएम, सीएमओ, सीएमएस के समक्ष लिफ्ट बंद होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भूमि तल को छोड़कर अन्य तल पर मरीजों को आने-जाने की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाया गया, पर अब तक न चलना दुर्भाग्यपूर्ण है। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि तकनीकी कारणों से ऐसा हो रहा है। जल्द ही इसके संचालन की पहल होगी।