अनियमितता मिलने पर परीक्षा केंद्र को नोटिस
कपिलवस्तु। ऑनलाइन मानीटरिंग में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबंद्ध एक परीक्षा केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कुलपति प्रोफेसर हरि बहादुर श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित वार्षिक परीक्षा 2021 के ऑनलाइन मानीटरिंग सेल में पहुंचकर विभिन्न महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से परीक्षा का अवलोकन किया। इस दौरान बस्ती जनपद के एक परीक्षा केंद्र पर अनियमितता दिखाई देने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया है। विवि की ओर से नियुक्त बस्ती जनपद के पर्यवेक्षक को तत्काल पहुंचकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
महाराजगंज में पर्यवेक्षक ने एक परीक्षा केंद्र पर दो विद्यार्थी को अनुचित साधन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा। बाद में उन्हें रस्टीकेट कर दिया। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि जिस महाविद्यालय के परीक्षा केंद्रों पर अनियमितता की शिकायत पाई जा रही है, उसे कारण बताओ नोटिस देते हुए सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं। जहां नकल की शिकायत हुई है, विषय विशेषज्ञों से उसका परीक्षण कराया जाएगा। नकल होने की पुष्टि पर विश्वविद्यालय नियमानुसार नंबरों की कटौती करेगा तथा संबंधित परीक्षा केंद्र को आगामी परीक्षा के लिए डिवार कर दिया जाएगा।