रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर नहीं शुरू हुई कोरोना की जांच
- कोविड के नए स्वरूप मिलने के बाद शासन ने दिया है निर्देश
- सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर जांच के लिए नहीं बैठ रही स्वास्थ्य टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। दक्षिण अफ्रीका सहित कई अन्य देशों में कोरोना के नए स्वरूप के मिलने के बाद शासन अलर्ट मोड में है। विदेश से आने वालों पर नजर रखने के साथ ही रेलवे और रोडवेज स्टैंड पर बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच का निर्देश है। मगर जिले के सिद्धार्थनगर रेलवे और बस स्टेशन पर अब तक जांच की कोई सुविधा नहीं है। आने वाले यात्री बिना जांच-पड़ताल के आवागमन कर रहे हैं।
कोरोना का नया स्वरूप तेजी से बढ़ रहा है। अब तक दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया सहित कई देशों में इसका प्रकोप तेजी से बढ़ रहा। मगर भारत में भी विदेश से आने वालों में संक्रमण की पुष्टि होने की बात सामने आई है। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में है। रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए स्वास्थ्य महकमे को निर्देश भी दिया गया है। शुक्रवार को सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन की पड़ताल की गई तो पाया गया कि कहीं पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच के लिए कैंप नहीं लगा है। आने वाले यात्री बिना रोक टोक आ जा रहे हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बाहर से आने वालों की जांच की सैंपलिंग की जा रही है। जल्द ही रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य टीम लग जाएगी और आने हर यात्री की जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है।