जनपद में 17 को पहुंचेगी जन आशीर्वाद यात्रा : सांसद
सिद्धार्थनगर। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय मंत्रिमंडल में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसी कड़ी में महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को शामिल करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी की अगुवाई में लखनऊ से 16 अगस्त को जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। जिले में यात्रा 17 अगस्त को पहुंचेगी।
सांसद बृहस्पतिवार को रेस्ट हाउस पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद केंद्र या प्रदेश के मंत्रिमंडल में पूर्वांचल को तरजीह देते हुए मंत्री बनाया गया है। हाल में केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में महराजगंज के सांसद पंकज चौधरी को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। पंकज चौधरी की अगुवाई में तीन दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ 16 अगस्त से होगा। उसके बाद 17 अगस्त को यात्रा जिले में पहुंचेगी। बस्ती से टड़वा चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ता भव्य स्वागत करेंगे। यात्रा डुमरियागंज, बांसी होते हुए लोहिया कला भवन पहुंचेगी, जहां मोदी और योगी सरकार के योजनाओं, कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं यात्रा के जनपदीय प्रभारी गोविंद माधव ने बताया कि यात्रा का रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। इसकी मानीटरिंग राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद करेंगे। जगह-जगह स्वागत के लिए क्षेत्रीय विधायकों की अगुवाई में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा जा चुका है। इस मौके पर विधायक श्यामधनी राही, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, जिला मंत्री फतेह बहादुर सिंह भी उपस्थित थे।
डुमरियागंज में होगा जोरदार स्वागत
डुमरियागंज। भारत सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में वित्त राज्य मंत्री बनाए गए महाराजगंज सांसद पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर उनका ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख सभागार में पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्षों की तैयारी बैठक हुई। जिला महामंत्री मधुसूदन अग्रहरि, रमेश पांडेय, अमरनाथ उर्फ सोनू सिंह, दयाशंकर श्रीवास्तव, राजकुमार, संजय सिंह, दीपू पांडेय, सुनील कुमार पांडेय, रामप्रकाश पांडेय, विनय श्रीवास्तव, कन्हैया गुप्ता आदि उपस्थित रहे।