माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस विद्यार्थियों की हुई फ्रेशर पार्टी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में बुधवार शाम पहली फ्रेशर पार्टी आयोजित की गई। पहले बैच के एमबीबीएस विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाई तो तालियां बजने लगीं। विद्यार्थियों के समूह ने कभी संगीत से सभी का दिल जीता तो कभी नृत्य से वाहवाही बटोरी।
मेडिकल कॉलेज में पहले बैच के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति के लिए पूरी तैयारी की थी। कई राज्यों से आए विद्यार्थियों का समूह मंच पर पहुंचा तो सांस्कृतिक विविधता की झलक भी दिखी। प्रचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि फैकल्टी के डॉक्टर ने सभी को शुभकामनाएं दीं।
अच्छे डॉक्टर बने: प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने कहा कि एमबीबीएस प्रथम बैच के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम की तैयारी की है, यह सराहनीय है। इसी उत्साह के साथ चिकित्सा शिक्षा ग्रहण करनी है ताकि सभी अच्छे डॉक्टर बनें। चिकित्सक को हमेशा सेवा भाव के साथ चिकित्सा करनी चाहिए।
इस मौके पर प्रो. विष्णु कुमार, प्रो. वेद प्रकाश, असिस्टेंट प्रो. डॉ. शिल्पी गंगवार, जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीना वर्मा, आर्थो सर्जन डॉ. विमल द्विवेदी, डॉ. सीबी चौधरी, डॉ. संजय चौधरी, डॉ. संजय गुप्ता मौजूद थे।