सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए गए अवैध निर्माण
शहर में हाइडिल तिराहे से तहसील गेट तक चला बुलडोजर
दुकान और मकान के सामने बने चबूतरा, सीढ़ी आदि टूटे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर की प्रमुख सड़क के चौड़ीकरण के लिए हाइडिल तिराहे से तहसील गेट तक दोनों किनारों से अतिक्रमण कर बने अवैध निर्माण हटाए गए। रविवार के बाद सोमवार को भी पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में मकान और दुकान के सामने बने चबूतरा एवं सीढ़ी आदि तोड़ी गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण हटाने के दौरान लोगों की भीड़ लगी रही।
शहर के हाइडिल तिराहे से सिद्धार्थ तिराहा होते हुए पेट्रोल पंप तिराहा तक सड़क का चौड़ीकरण हो रहा है। इस बीच कई स्थानों पर सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण के कारण सड़क का चौड़ीकरण कार्य बाधित हो रहा था। इसी कारण रविवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया, जो सोमवार को भी जारी रहा। इसके तहत सड़क की दोनों तरफ बनीं गुमटियाें, चाय व पान की दुकानों को हटवाया गया। साथ ही दुकान एवं मकान के सामने अवैध तरीके से बनाए गए चबूतरा, सीढ़ी, गेट आदि जेसीबी से तोड़कर हटा दिए गए। अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही। इस दौरान एसडीएम एवं प्रभारी ईओ नगर पालिका विकास कश्यप, सीओ सदर प्रदीप यादव, एसओ सदर तहसीलदार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
बिगड़ गई दुकानों व मकानों की सूरत
अतिक्रमण हटाओ अभियान के कारण शहर में सड़क किनारे स्थित कई दुकानों एवं मकानों की सूरत बिगड़ गई। सड़क में बढ़कर बनाई गई फर्श, चबूतरा, सीढ़ी, चहारदीवारी व गेट आदि निर्माण करने वालों की दुकान और मकान के सामने अब गड्ढे नजर आ रहे हैं।
सड़क के किनारे से हटाया गया अतिक्रमण
कस्बे में एसडीएम की अगुवाई में चला अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ कस्बे में सोमवार को एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिस बल ने सड़क की पटरियों से अतिक्रमण खाली करवाया। साथ ही एसडीएम ने निर्देशित किया कि स्वेच्छा से सड़क की पटरी से ठेला, दुकान, साइन बोर्ड सहित आदि अतिक्रमण को हटा लें नहीं तो बुलडोजर चलवाकर खाली कराया जाएगा। जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।
गड़ाकुल से लेकर इक्कावान चौराहा व पुलिस बूथ से तहसील गेट तक हाईवे की पटरियों पर ठेला और दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फुटपाथ को खाली कराया गया। वहीं, पुलिस देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। फुटपाथ पर ठेला लगाने वाले ठेला लेकर भागने लगे। एसडीएम ने कहा कि फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सड़क की पटरियों पर टेंपो खड़ा करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि एक भी वाहन पटरी पर दिखाई नहीं देना चाहिए। कोई भी ऑटो वाला ओवरलोड सवारी भरकर न चले। खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। इस दौरान सीओ हरिश्चंद्र, थानाध्यक्ष जय प्रकाश दुबे, एसएसआई मनोज कुमार श्रीवास्तव, एसआई रविकांत मणि त्रिपाठी, हरिओम कुशवाहा, मुख्य आरक्षी सुनील दुबे आदि मौजूद रहे।