नौगढ़- गोरखपुर मार्ग पर स्थित भिटिया गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। थाना क्षेत्र के नौगढ़-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भिटिया गांव के पास बृहस्पतिवार को बस की चपेट में बाइक आने से एक युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
भिटिया गांव निवासी मनीष चौबे (26) मदनपुर गांव निवासी अपने दोस्त मदनपुर निवासी रामू वर्मा (21) के साथ शाम को बाइक से उसका बाजार से घर लौट रहे थे। इसी गांव के पहले ही सिद्धार्थनगर की तरफ से आ रही एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गए। हादसे में रामू और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस चालक ने सड़क में बने गड्ढ़े से बचने के लिए बस को दाहिनी ओर घुमा दिया, इससे बाइक सवार रामू और मनीष उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने इलाज के लिए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।