सिद्धार्थनगर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़वा कस्बे और दूसरी डुमरियागंज के सिकाहरा कोहड़ा में। दोनों ही मामलों में पुलिस को अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
मंगलवार शाम अलीगढ़वा कस्बा निवासी अब्दुल मोबीन (35) अपनी दुकान पर फर्नीचर तैयार कर रहा था। इस दौरान उसका स्पर्श बिजली संचालित हाथ की मशीन से जुड़े तार से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गया। दुकान और आसपास के लोग बिजली कट कर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक मोबीन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सिकाहरा कोहड़ा गांव की है। गांव निवासी हबीबुल्लाह (26) के घर के बाहर टीनशेड लगा हुआ है।
जिसके ऊपर से बिजली का केबल घर तक आया है। पुराना केबल होने के कारण वह कई जगह से कटा है। मंगलवार रात बारिश के कारण टीनशेड में करंट आ गया। रात करीब साढ़े 12 बजे नींद खुलने पर हबीबुल्लाह घर के बाहर निकलने लगा। इस बीच उसका हाथ टीनशेड में लगे पाइप से टच हो गया और वह करंट की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर बगल के अली व अमीरुल्लाह उसे बचाने के लिए दौड़े। दोनों ने जैसे ही हबीबुल्लाह को छुआ, तो उन्हें भी करंट का झटका लगा। बाद में दोनों ने पास में मौजूद लकड़ी का डंडा लेकर तार पर वार कर उसे तोड़ दिया, लेकिन तब तक हबीबुल्लाह की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध मेें डुमरियागंज थानाध्यक्ष गोपालजी यादव ने बताया कि मामले की जानकारी है। लेकिन किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है।