बढ़नी। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में रविवार रात दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात से पहले चोरों ने जिस कमरे में लोग सोए थे वहां और आसपास के घरों में कुंडी लगा दी।
मामला परसा दीवान गांव का है। यहां के नौकूडीह टोले में चोर महिपाल के मकान में पीछे के रास्ते से घुसे और कमरे का ताला तोड़कर आभूषण, नकदी और कपड़े आदि समाना ले गए। सुबह जब लोग उठे तो उन्हें कमरे के बाहर से दरवाजा जंजीर से बंद मिला।
पड़ोसी रामलखन और गोविंद के मकानों पर भी बाहर से कुंडी लगी थी। शोरसुनकर राहगीरों ने जब दरवाजा खोला तो लोगों की वारदात की जानकारी हुई। पीड़ित महिपाल के मुताबिक फरवरी में बेटे का गौना होने के कारण आभूषण, कपड़े व अन्य सामान खरीदे गए थे। चोर सब ले गए।
सात जनवरी को बैंक से निकाले गया 45 हजार नकदी समेत करीब लाखों के सामान चोरी हुआ है। इसी टोले में पारस यादव के घर से भी चोरों ने साढ़े 13 हजार नकदी और कपड़ों से भरा बैग ले गए। यही नहीं घर के सामने रखे पुआल में भी आग लगा दी।
चोरों ने गांव के दूसरे टोले में स्थित ग्राम प्रधान बालजी यादव और उनके चाचा लक्ष्मण यादव के घर में भी घुसने की कोशिश की, मगर घर वालों की नींद खुल जाने के कारण फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल की, पर कोई सुराग नहीं मिला। थानाध्यक्ष इंद्रजीत यादव के मुताबिक मौके पर टीम गई थी। मामले की पड़ताल जारी है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।