सिद्धार्थनगर। सऊदी अरब कमाने गए लोटन कोतवाली क्षेत्र के भिटपरा गांव निवासी निसार अहमद (35) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वह बिगत 16 महीनों से सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।
मौत की खबर आने के बाद निसार के घर पर कोहराम मच गया और लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि निसार अहमद फरवरी 2015 को कमाने के लिए सऊदी अरब के रियाद में गया था। इतने दिनों के दौरान वह ठीक ढंग से काम कर रहा था और घर पर पैसे भी भेजता था।
काम से निजात मिलने के बाद वह रोजाना घर पर परिजनों से बात करके कुशल क्षेम लेता रहता था। पिता नसीम ने बताया कि रविवार की सुबह उसके साथ काम करने वाले ने निसार की तबियत बिगडने की बात बताई और बोला कि इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए हैं।
लगभग दस बजे फोन करने पर पता चला कि उसके बेटे की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। इस खबर के बाद घर में कोहराम मच गया और गांव के लोग अवाक रह गए। नसीम की शादी दस साल पहले हसीना खातून से हुई थी और उससे दो बच्चियां सादिया खान (6) व सनीदा (2) हैं।