बाराबंकी में महिलाओं को संतान उत्पत्ति का झांसा देकर उनसे दुष्कर्म करने वाले बाबा परमानंद के कारनामे की चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई थी कि गोंडा के चैतन्य बाबा ने यज्ञ से संतान उत्पत्ति समेत सभी मनोकामना पूरी कराने का वादा कर गांव के भोले-भाले लोगों से 10 लाख रुपये ठग लिए और भाग निकला। बाबा के फरार होने के बाद गांव के छह लोगों ने मुख्यमंत्री की कम्प्लेंड सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
बाराबंकी में महिलाओं को बच्चा पैदा कराने का झांसा देकर उनकी अस्मत से खेलने वाले बाबा परमानंद की चर्चा अभी तक लोगों को जुबां पर है। इसी बीच गोंडा में कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के सोनहरा गांव में 21 मई को आए बाबा चैतन्य ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में डेरा डाल दिया।
बाबा ने पहले ग्रामीणों को प्रवचन के माध्यम से जोड़ा। बाबा ने महिलाआें की कमजोरी भांपकर कलश यात्रा निकाली और लोगों को पूजन-अर्चन से जोड़ता गया। इसके बाद बाबा ने गांव के भोले-भाले लोगों को हाथ की सफाई का कमाल दिखाते हुए कई चमत्कार दिखाए।
इनमें लकड़ी पर सोडियम डाल देता था, जिससे आग पकड़ लेती थी। बाबा का चमत्कार समझकर गांव के लोगों में बाबा के प्रति आस्था बढ़ती गई। बाबा की ठगी के शिकार गांव के धर्मेंद्र, रामप्रसाद, हरिशंकर, नकछेद, कृष्णचंद, शिवमूरत, जटाशंकर व हरीश कुमार ने मुख्यमंत्री की कम्प्लेंड सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
चैतन्य बाबा के पास आने वाले पीड़ित श्रद्धालुओं को बाबा से मिलने से पहले उनके शिष्य मिलते थे। वह पीड़ित श्रद्धालु से उसकी परेशानी की जानकारी लेते थे। उसका नाम क्या है, कहां का रहने वाला है, परिवार में कौन-कौन है, उनके नाम व रिश्ते क्या हैं। कब से परेशानी है आदि जानकारी लेते थे।
इसी बीच पास में चौकी पर आराम कर रहा बाबा का दूसरा शिष्य उसे मोबाइल में फीड कर लेता था और पूरा ब्यौरा बाबा के मोबाइल पर एसएमएस कर देता था। इसके बाद जब पीड़ित श्रद्धालु बाबा के पास पहुंचता था तो बाबा के पास एसएमएस से पहुंची जानकारी बाबा पीड़ित श्रद्धालु को बताने लगता था। इससे श्रद्धालु को लगता था कि बाबा अंतर्यामी है और बाबा के झांसे में आकर उन्हें पैसे दे देते थे।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवराज तिवारी का कहना है कि सोनहरा गांव में 15 दिनों पहले चित्रकूट धाम से आए बाबा चैतन्य ने लोगों से संतान की उत्पत्ति कराने, रोग, दोष व पीड़ा समेत सभी तरह के कष्ट दूर करने के नाम पर 10 लाख रुपये ठग लिए और भाग निकला। गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री की कम्प्लेंड से सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
ये था बाबा का कार्यसिद्धि रेट (रुपये)
-बच्चा पैदा कराने के लिए-15000
-नौकरी दिलाने के लिए-51000
-मूकबधिर व ब्लाइंड को ठीक करने के लिए -51000
-अकाल मृत्यु रोकने के लिए-51000
इंसेट
ये बने बाबा की ठगी के शिकार
-गोली तिवारी-10000 रुपये
-कैलाशनाथ मिश्र-21000 रुपये
-धर्मेन्द मिश्र-25000 रुपये
-रामरंगीले तिवारी-21000 रुपये