बढ़नी क्षेत्र के महादेव में एसएसबी की गिरफ्त में अभियुक्त।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
परसा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के महादेव बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के पास रविवार की शाम एसएसबी 25वीं वाहिनी के जवानों ने 50 ग्राम ब्राउन सुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसका एक अन्य साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। एसएसबी के मुताविक पकड़े ब्राउन सुगर की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। माल नेपाल से लाया जा रहा था। आरोपी को ढेबरुआ पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी 25वीं वाहिनी बीओपी कमांडर ओजात्रा सिंह को रविवार की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर ब्राउन सुगर लेकर सीमा से पार करने वाले हैं। टीम नाकेबंदी कर इंतजार करने लगी, इस बीच दो लोग सीमा में प्रवेश करते दिखे। जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। जवानों ने दौड़ाकर एक को पकड़ लिया, जबकि एक भागने में कामयाब रहा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ढ़ेबरुआ थाना क्षेत्र हौसिलवाबाद गांव निवासी राजकुमार पुत्र राम महेश के रूप में हुई। उसके पास से जांच में 50 ग्राम ब्राउन सूगर बरामद किया गया। एसएसबी ने युवक को बरामद माल के साथ ढेबरुआ पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। टीम में एसआई राजकुमार मंडल, अश्वनी कुमार, एमडी शेफीदार, विनय कुमार, इन्द्रजीत घोष, नरेन्द्र प्रताप सिंह यादव, धीरेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में उप सेनानायक जनार्दन मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। बरामद ब्राउन सुगर की कीमत अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपये की कीमत की होगी। उन्होंने कहा कि एसएसबी के जवान अपना काम कर रहे हैं। लेकिन इसके साथ क्षेत्र के लोगों के सहयोग की जरूरत है। तभी हम तस्करी पर पूर्ण रूप से रोक लगा पाएंगे।