लोक विकास दल और विश्व हिंदू परिषद ने उड़ी में सेना के कैंप पर हुए फिदायीन हमले की कड़ी निंदा की है। दोनों संगठनों से केंद्र सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कदम उठाने की मांग की है।
लोक विकास दल की बैठक प्रधान विक्रम सिंह सलाथिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें कश्मीर के उड़ी क्षेत्र में सेना के कैंप पर हुए आतंकी हमले में शहीद सेना के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए सलाथिया ने कहा कि अब देशवासियाें के सब्र का बांध टूट गया है।
लोग पाकिस्तान की नापाक हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान नहीं चाहता कि कश्मीर में शांति बहाल हो। इसलिए वह पूरे देश में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में भी एक बैठक का आयोजन अध्यक्ष माम चंद मितल की अध्यक्षता में की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने पाकिस्तान पर भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होेंने कहा की शहीदों की शहादत देश कभी नहीं भूलेगा।