पुलिस के रात्रि गश्त के दावों की हवा निकालते हुए चोरों ने मंगलवार की रात स्कूल समेत छह घरों-दुकानों का ताला चटका दिया। चोरों ने इन स्थानों से मोबाइल, लैपटॉप, नगदी सहित लाखों के सामान ले उड़े। सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, मगर कोई सुराग नहीं जुटा पाई।
मामला मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर कस्बे का है। बर्डपुर के सहिजनवा में स्थित सेंट थामस पब्लिक स्कूल में मंगलवार रात गेट का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे।
वहां ऑफिस में रखा लैपटॉप, इंवर्टर, नकदी सहित कई अन्य दस्तावेज उठा ले गए। पास में स्थित घनश्याम जायसवाल के हार्डवेयर की दुकान से नगदी व अन्य सामान उड़ा दिए।
चोरों ने गुड्डू के घर से साइकिल, रोहित के दुकान से दो पेटी संतरा, डॉ. आलोक ओझा के घर से रसोई गैस सिलेंडर, संगम की दुकान से टुल्लू पंप उठा ले गए।
घटना के बारे में लोगों को बुधवार की सुबह जानकारी हुई। मध्य बाजार में एक साथ आधा दर्जन स्थानों पर चोरी से लोगों में भय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर रात्रि में दो सिपाहियों की ड्यूटी भी लगाई जाती है, बावजूद चोरी की घटना चिंताजनक है।
इस संबंध में मोहाना थानाध्यक्ष अटल बिहारी ठाकुर का कहना था कि स्कूल में चोरी की घटना हुई है। अन्य स्थानों पर चोरी का मामला संदिग्ध है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।