कट्टा सटाकर शिक्षक से 35 हजार की लूट
- सीमा विवाद में उलझे रहे बांसी व पथरा थाने के एसओ
- मसिना खास चौराहे पर हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी। दिन दहाड़े कट्टा सटाकर बाइक सवार बदमाशों ने एक शिक्षक से 35 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाए पथरा व बांसी कोतवाली के एसओ सीमा विवाद में उलझे रहे। घटना पथरा व बांसी कोतवाली क्षेत्र की सीमा पर स्थित मसिना खास चौराहे पर हुई।
बस्ती जिले के सोहना थाना क्षेत्र के बढय़ालाल सिंह गांव निवासी वहीदुल्लाह पथरा थाना क्षेत्र के शिवपति देवी आदर्श कन्या इंटर कॉलेज मसिना खास मेें कार्यरत हैं। वह विद्यालय में फीस संबंधित काम देखते है। रोज की तरह वह शुक्रवार को फीस का पैसा प्रबंधक को देने जा रहे थे। मसिना चौराहे के उत्तर सिवान में दो बाइक सवारों ने उनसे इटवा जाने के रास्ता पूछा। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति नीचे उतरा और शिक्षक के कनपटी पर कट्टा सटा दिया। फिर उसने शिक्षक से 35 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिए और किसी को बताने पर भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद वहीदुल्लाह ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। इस संबंध मे कोतवाल बांसी रवींद्र सिंह ने कहा कि घटना पथरा थाना क्षेत्र में हुई। पथरा थानाध्यक्ष विजय दुबे से इस संबंध में पूछने पर कहा कि मामला बांसी कोतवाली क्षेत्र का है।