बच्चों के डूबने की सूचना पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। सोमवार दोपहर राप्ती नदी के महोखवा स्थित गौराघाट पर नहाते समय आठ युवक व बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद दो लोगों ने आठ में से छह को बचा लिया, लेकिन दो सगे भाइयों को वे नहीं बचा सके। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहंची और गोताखोर की टीम को लापता युवकों की तलाश में लगाया।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के औराताल गांव निवासी किताबुल्लाह के बेटे मतव्वर (18) व सरफराज (10) अपने दोस्त मलऊ (26), कल्लू (20), मल्लू (16), तसव्वर (13), जीशान (7), वशीर (19) के साथ राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद अकबर व नंदकिशोर मल्लाह ने जान पर खेलकर छह को बचा लिया, लेकिन मतव्वर व सरफराज डूब गए। घटना की खबर पाकर गौराघाट पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतारा। देर रात तक मतव्वर व सरफराज की खोजबीन जारी थी। डुमरियागंज थानाध्यक्ष आरबी सिंह व गोताखोर लापता भाइयों की तलाश में जुटे हुए थे।