भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सिकटा गांव में गुरुवार की रात ढिबरी से लगी आग में जलने से एक विवाहिता की मौत हो गई। आग से विवाहिता की चार वर्षीय बेटी भी चपेट में आ गई। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत अब सामान्य है। पति की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ढेबरुआ क्षेत्र के भरौली गांव निवासी बहेतु की पुत्री राधा (27) का विवाह आठ वर्ष पूर्व सिकटा गांव निवासी ननकाऊ के साथ हुआ था। पति के मुताबिक राधा गुरुवार की रात चार वर्षीय पुत्री शिवानी के साथ छत पर सो रही थी। पास में ही ढिबरी जल रही थी। रात्रि में अचानक ढिबरी गिर गई, जिससे आग लगने से राधा जलने लगी। पास में सो रही शिवानी भी आग की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुनकर घरवाले मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार आग को बुझाया। आनन-फानन में मां-बेटी को भनवापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने राधा को बेंवा सीएचसी रेफर कर दिया। बेंवा में भी उपचार के बाद कोई सुधार न होने पर परिजन बस्ती ले जा रहे थे, जहां रास्ते में ही राधा की मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर शुक्रवार सुबह विवाहिता के मायके वाले भी पहुंच गए। थाने में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अरविंद मिश्र के मुताबिक पति ने विवाहिता की ढिबरी की आग से जलने की तहरीर दी है। मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। बालिका आंशिक रूप से झुलसी थी, उसकी हालत अब सामान्य है।