महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
सिद्धार्थनगर। देश में बढ़ती हुई महंगाई और पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस एवं सीएनजी की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पार्टी के महंगाई मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण में जिला कांग्रेस कार्यालय से महंगाई मुक्त भारत मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सदर को सौंपा।
पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की आसमान छूती कीमतों एवं बेतहाशा बढ़ती महंगाई से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार का जीना दूभर हो गया है, लेकिन सरकार को कोई परवाह नहीं है। कांग्रेस नेता डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि प्रति दिन पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ा कर सरकार देश की गरीब जनता को लूट कर अपना खजाना भर रही है। जिसका हम कांग्रेस के लोग सड़कों पर उतर कर विरोध करते रहेंगे। जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि देश की जनता को मोदी सरकार ने धोखा दिया है और निराश किया है। विधानसभा चुनाव में जनता का वोट हासिल करने के लिए मोदी सरकार ने 137 दिनों तक पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस एवं सीएनजी की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की परंतु चुनाव समाप्त होते ही प्रतिदिन इनकी कीमतों में भारी बढ़ोतरी की जा रही है। जिससे जनता में हाहाकार मचा हुआ है। इस अवसर पर डॉ. नादिर सलाम, दिनेश वर्मा, कृष्ण बहादुर सिंह, रामचंदर पांडेय, कैलाश पंछी, मैनुद्दीन खान, अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, रियाज मनिहार, इश्तियाक चौधरी, होरी लाल श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार, राजन श्रीवास्तव, सुदामा प्रसाद, गुल मोहम्मद, पंकज पांडेय आदि उपस्थित रहे।